उत्तर प्रदेश में अपनी यात्रा के दूसरे दिन किसानों के कर्ज को माफ करने की पुरजोर वकालत करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मस्त हैं और जनता त्रस्त है। उन्होंने खलीलाबाद में किसानों की एक ‘खाट सभा’ को संबोधित करते हुए कहा कि मोदीजी को भारतीयों पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि वह उनके प्रधानमंत्री हैं। राहुल ने मौजूदा व्यवस्था पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लौटाए बिना फरार उद्योगपति विजय माल्या को डिफॉल्टर और किसानों को खटिया चुराने के लिए चोर कहा जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को किसानों की हालत देखनी चाहिए जो रो रहे हैं।